Social Activity BSP
रायगढ़, 12 मई 2026।
रायगढ़ जिले में महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर सख्त कार्रवाई के तहत कापू पुलिस ने दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना कापू क्षेत्र की एक महिला ने 10 मई 2026 को थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि 23 दिसंबर 2025 की शाम वह अपने पति और बच्चों के साथ घर पर मौजूद थी। इसी दौरान परिचित रिश्तेदार सुधीर किस्पोट्टा उनके घर पहुंचा और महिला के पति को पैसे देकर शराब लाने के बहाने दूसरे गांव भेज दिया।
पति के घर से निकलने के बाद आरोपी ने महिला को घर में अकेला पाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी ने महिला को धमकी दी कि यदि उसने किसी को घटना के बारे में बताया तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। लोकलाज और भय के कारण पीड़िता लंबे समय तक शिकायत दर्ज नहीं करा सकी, लेकिन बाद में साहस जुटाकर उसने थाना पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।
महिला की शिकायत पर थाना कापू में आरोपी सुधीर किस्पोट्टा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(f) के तहत अपराध दर्ज किया गया। मामला दर्ज होते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और उसे हिरासत में ले लिया। वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
-
सुधीर किस्पोट्टा (54 वर्ष)
निवासी – पखनाकोट, थाना कापू, जिला रायगढ़
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव, प्रधान आरक्षक सुमेश गोस्वामी सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिलाएं बिना भय के पुलिस के पास आएं, हर शिकायत पर संवेदनशीलता और गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

